सतना अधूरे फ्लाई ओवर के उद्घाटन को लेकर हंगामा,सपा नेता सड़क पर लेटे तो समर्थकों समेत गिरफ्तार कर ले गई पुलिस

1287
0

सतना। शहर में रीवा रोड पर पिछले कई वर्षों से निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के उद्घाटन को लेकर शहर में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। सपा जिलाध्यक्ष राजेश दुबे अपने समर्थकों समेत फ्लाई ओवर का उद्घाटन करने जा पहुंचे। फ्लाई ओवर अभी अधूरा है लिहाजा इसका उद्घाटन करना जन सुरक्षा के लिहाज से उचित नही था। इसलिए सुबह से ही वहां भारी पुलिस बल के साथ एसडीएम,तहसीलदार और सीएसपी मौजूद थे। जैसे ही सपा नेता दुबे वहां पहुंचे पुलिस ने उन्हें रोक लिया। विरोध जताने आये दुबे सड़क पर ही लेट गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उठा कर पुलिस वैन में लाद लिया।

सपा जिला अध्यक्ष राजेश दुबे ने फ्लाई ओवर निर्माण की कछुआ चाल पर नाराजगी जताते हुए विरोध स्वरूप 5 दिसम्बर को उसका उद्घाटन करने का ऐलान किया था। रविवार की सुबह से पुलिस उनके ऐलान को लेकर चौकन्ना हो गई थी। सीएसपी महेंद्र सिंह और आरआई सत्य प्रकाश के नेतृत्व में भारी पुलिस बल फ्लाई ओवर के एक छोर पर तैनात किया गया था। एसडीएम रघुराजनगर,नायब तहसीलदार और राजस्व का अन्य अमला भी विरोध स्वरूप उद्घाटन करने आ रहे प्रदर्शनकारियों की प्रतीक्षा कर रहा था। थोड़ी ही देर में सपा नेता राजेश दुबे ढोल नगाड़े बजाते अपने समर्थकों के साथ पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। धक्का मुक्की शुरू हुई तो राजेश सड़क पर ही लेट गए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें सड़क से उठा कर टांग लिया और सीधे पुलिस वैन में लाद लिया। उनके साथ आये समर्थक भी गिरफ्तार कर लिए गए।

 

बता दें कि शहर में रीवा रोड पर लगभग 42 करोड़ की लागत से इस फ्लाई ओवर का निर्माण लगभग 5 साल से चल रहा है। एक्सटेंशन की कई मियादें गुजार चुके इस फ्लाई ओवर के अधूरे ही रहने को लेकर सांसद,विधायक की लगातार किरकिरी होती रही है। सुविधा के दावे के साथ बनाया जा रहा फ्लाई ओवर फिलहाल शहर की जनता के लिए मुसीबत बना हुआ है। इस मार्ग पर ही बस स्टैंड है लिहाजा यहां दिन भर जाम लगा रहता है और शाम होते ही इसके नीचे का हिस्सा शराबखोरी के कारण ऑन रोड बार बन जाता है।

अंडर ब्रिज और तीसरे प्लेटफॉर्म का भी कर चुके हैं उद्घाटन-

अधूरे फ्लाई ओवर का उद्घाटन करने की कोशिश में गिरफ्तार हुए सपा जिलाध्यक्ष इसके पहले भी दो निर्माण कार्यों का उद्घाटन कर चुके हैं। शहर के प्रेम नगर में बने रेलवे अंडर ब्रिज का लोकार्पण राजेश दुबे ने फीता काट कर तब कर दिया था जब निर्माण पूर्ण होने के बाद भी सिर्फ उद्घाटन कार्यक्रम तय करने के लिए इसे चालू नही किया जा रहा था। इसी तरह सतना रेलवे स्टेशन के प्लेट फॉर्म नंबर 3 का उद्घाटन भी दुबे कर आये थे। उस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल ट्रेनों के आवागमन के लिए तो होता था लेकिन आधिकारिक तौर पर उसका उद्घाटन भी नेताओ और अफसरों का समय मिलने की प्रतीक्षा कर रहा था। दुबे के उद्घाटन करने के बाद से रेलवे अभी तक अंडर ब्रिज और तीसरे प्लेटफॉर्म का आधिकारिक तौर पर उद्घाटन नही कर पाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here